horrific-road-accident-17-inju

बहराइच, 10 जून । उत्तर प्रदेश के बहराइच में हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गदामार खुर्द में बीती देर रात भयंकर सड़क हादसा हो गया। हादसे में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की एक रोडवेज बस से जोरदार भिड़न्त हो गई। हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ है। हादसे में बस में सवार लगभग डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए हैं। दो व्यक्तियों के गम्भीर घायल होने पर उन्हें हायर सेन्टर लखनऊ रेफर कर दिया गया । अन्य घायलों का उपचार स्थानीय मेडिकल कॉलेज में हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही देर रात पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव,अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डी पी तिवारी व क्षेत्रधिकारी महसी पवन कुमार के साथ मौके पर पहुँचे और घायलों को तत्काल उपचार हेतु एम्बुलेन्स से भिजवाया।

मंगलवार की देर रात बहराइच-सीतापुर रोड पर बहराइच की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक UP21CH5785 की लखनऊ से रुपईडीहा जा रही रोडवेज बस UP78HN3836 से हरदी के गदामार खुर्द के पास जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे 35 यात्रियों में 16 यात्री घायल हो गए। दूसरी तरफ ट्रक का खलासी भी इस घटना में घायल हुआ है। घटना की सूचना पर हरदी थाना प्रभारी आलोक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और उन्होंने घायलों को गोद में उठाकर एम्बुलेन्स से मेडिकल कॉलेज उपचार हेतु भिजवाया। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डी पी तिवारी क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को उपचार हेतु पुलिस को दिशा निर्देश दिया। इस सड़क घटना में हंसराज, अवधेश, सोनूपाल, रामकली, मुनेश्वर, सूबेदार,सालिक,बेचन,लवलेश पाल, शिवम, राकेश, प्रमोद,महेन्द्र, निर्मला,आदित्य नारायण आदि घायल हो गए हैं। जबकि पप्पू पुत्र जाबिर व सत्यदेव शर्मा पुत्र राजकुमार के गम्भीर घायल होने पर उन्हें हायर सेन्टर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि हरदी थाना क्षेत्र में एक ट्रक और रोडवेज बस में भिड़न्त हुई है। तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हैं। जबकि 14 अन्य भी घायल हुए हैं। घायलों का उपचार स्थानीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। दुर्घटना में जनहानि की कोई सूचना नहीं है। मौके पर स्थिति सामान्य है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights