मनोज पाल
मुज़फ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व सर्राफा व्यवसायी के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए घटना में शामिल एक लुटेरे को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटे गए आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
बुढ़ाना थाना क्षेत्र की मंडवाड़ा रोड पर कस्बा निवासी नेमचंद वर्मा और उनके पौत्र के साथ 14 सितंबर को लूट हुई थी। उस दिन तीन बदमाशों ने नेमचंद को तमंचे की नोक पर गन्ने के खेत में ले जाकर आभूषणों से भरा बैग छीन लिया था। इस संबंध में थाना बुढ़ाना पर मुकदमा दर्ज कर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया था ।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेस वार्ता कर बताया कि आज सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट में शामिल बदमाश चोरी के आभूषण बेचने की फिराक में मंडवाड़ा से बुढ़ाना की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मंडवाड़ा-बुढ़ाना रोड पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे और गन्ने के खेत में छुप गए। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दो अन्य मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार बदमाश की पहचान महताब उर्फ़ कल्लू पुत्र महफूज निवासी ग्राम मंडवाड़ा थाना बुढ़ाना जनपद मुज़फ्फरनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने शौक और खर्चे पूरे करने के लिए लूट की योजना बनाई थी और वह पिछले एक महीने से नेमचंद सर्राफ का पीछा कर रहा था | इससे पहले भी तीन बार लूट की कोशिश कर चुका था, लेकिन असफल रहा। चौथी बार वह वारदात को अंजाम देने में सफल हुआ। लूट में शामिल अन्य दो फरार अभियुक्तों की तलाश में पुलिस टीम लगातार प्रयासरत है।
इस घटना का खुलासा एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के निर्देशन और सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह एवं बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में किया गया। सफलता पाने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री थाना बुढ़ाना के आलावा प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी (सर्विलांस सेल), उप निरीक्षक संदीप कुमार, उप निरीक्षक ललित कसाना, विकास सिरोही, सुनील, नीरज, निर्वेश, गजेंद्र और अशफाक आदि पुलिस टीम शामिल रही ।
