मुजफ्फरनगर। जिले में अपराध पर शिकंजा कसने की कोशिशों के बीच मंगलवार देर रात थाना छपार क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर चार शातिर बदमाशों को धर दबोचा, जिनमें से दो गोली लगने से घायल हो गए। इन बदमाशों पर लूट और चोरी जैसे संगीन अपराधों के 41 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, छपार पुलिस टीम को सूचना मिली कि रई गांव के जंगलों में कुछ बदमाश वारदात की फिराक में छिपे हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हसीन और नवाब नामक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी शाहनवाज और इरशाद भागने की कोशिश में पकड़े गए।गिरफ्तार बदमाशों में तीन उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के भगवानपुर के निवासी हैं, जबकि एक मुजफ्फरनगर के पुरकाजी कस्बे का रहने वाला है। पुलिस ने इनके पास से दो चोरी की बाइक, तमंचे, कारतूस और चोरी का माल बरामद किया है। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं अन्य से पुलिस पूछताछ कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये गैंग लंबे समय से छपार और आसपास के क्षेत्रों में आतंक का पर्याय बने हुए थे। इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगेगी और पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में खौफ भी पनपेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights