नीरज प्रजापति
राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र नायक के नेतृत्व में थाने पहुंचा संगठन, लाइसेंसधारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और लाइसेंस निरस्त करने की मांग
शाहपुर। गांव पलड़ी के पास बसी रोड स्थित हड़वाड़े के निकट गाय के कटे हुए सिर के अवशेष मिलने से क्षेत्र में रोष फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही गोरख सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र नायक कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। अवशेष मिलने की स्थिति को लेकर समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश दिखाई दिया। इसके बाद संगठन के लोग शाहपुर थाने पहुंचे और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
गोरख सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र नायक के नेतृत्व में थाना अध्यक्ष को मांग पत्र सौंपकर हड़वाड़े के लाइसेंसधारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा उसका लाइसेंस निरस्त किए जाने की मांग की गई। समिति ने कहा कि मृत गौवंश के साथ सम्मानजनक व्यवहार और उसका विधि-विधान से अंतिम संस्कार सुनिश्चित करना संबंधित हड़वाड़े के लाइसेंसधारी की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद जिस स्थिति में गौवंश के अवशेष मिले हैं, उससे जिम्मेदार व्यक्ति की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
रविंद्र नायक ने कहा कि गाय हिंदू समाज के लिए गौ माता का दर्जा रखती है और उसकी पूजा की जाती है। ऐसे में मृत गौवंश के अवशेष इस प्रकार लावारिस हालत में मिलना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस घटना से हिंदू संगठनों और गौभक्तों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। गोरख सेवा समिति गौ माता के सम्मान और संरक्षण से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए और यदि लाइसेंसधारी की लापरवाही सामने आती है तो उसका लाइसेंस निरस्त करने के साथ उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
समिति ने स्पष्ट किया कि गौवंश के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर वह आगे भी आवाज उठाती रहेगी। मांग पत्र सौंपने के दौरान गोरख सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र नायक, आशु त्यागी, प्रखंड संयोजक बजरंग दल, राहुल, कार्तिक, रॉबिन समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
