मुज़फ्फरनगर। मंसूरपुर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लोन की गाड़ियों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आगे बेचने का काम करते थे। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से लोन की गाड़ियां भी बरामद की गई हैं।
मुज़फ्फरनगर थाना क्षेत्र के मंसूरपुर-शाहपुर रोड पर पुलिस ने इन तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों व्यक्ति महिंद्रा थार गाड़ी में सवार थे। पुलिस ने जब गाड़ी की चेकिंग की तो गाड़ी के अंदर से दो फर्जी नंबर प्लेट, दो अलग-अलग नंबरों की आरसी और फाइनेंस से संबंधित फर्जी दस्तावेज बरामद हुए।

एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता करते हुए जानकारी दी कि तीनों अभियुक्त शातिर किस्म के जालसाज हैं, जो पहले लोन पर गाड़ियां खरीदते थे, फिर आरटीओ दफ्तर के बाबुओं और बैंक कर्मचारियों से मिलकर गाड़ियों के फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे। इस मामले में मेरठ आरटीओ कार्यालय का एक बाबू दीपक भी इनके साथ मिला हुआ है, जो आरटीओ कार्यालय से फर्जी नो ड्यूज सर्टिफिकेट के आधार पर फर्जी आरसी तैयार करता था।जब बैंक और आरटीओ कार्यालय से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नो ड्यूज सर्टिफिकेट मिल जाता था, तो उसके आधार पर ये लोग गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन करा कर उन्हें आगे बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करते थे।
गिरफ्तार किए गए जालसाजों की पहचान शहजाद मलिक पुत्र मोहम्मद हकीम निवासी ग्राम गगौल, थाना परतापुर, जिला मेरठ, प्रवीण पुत्र नानकचंद्र निवासी मेरठ और रविंद्र यादव पुत्र सरदार सिंह यादव निवासी शास्त्री नगर, थाना नौचंदी, जिला मेरठ के रूप में हुई है।इस मामले में तीन अभियुक्त दीपक, जितिन एवं महकार अभी वांछित हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। दीपक ही जालसाजी करने में इनका सबसे बड़ा सहयोगी है, जो अपनी आरटीओ आईडी के आधार पर फर्जी आरसी तैयार कर देता था, जिसके सहारे यह लोग आगे गाड़ियां बेचने में सफल हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार, यह भी जानकारी मिली है कि दीपक का ट्रांसफर पहले ही मेरठ आरटीओ कार्यालय से आगरा आरटीओ कार्यालय हो चुका है।पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल पांच गाड़ियां बरामद की हैं, जिनमें दो महिंद्रा थार, एक महिंद्रा XUV300, एक टोयोटा ग्लैंजा और एक महिंद्रा स्कॉर्पियो शामिल हैं,। इन गाड़ियों के साथ 13 लोन संबंधी फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं | मंसूरपुर पुलिस की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र, उपनिरीक्षक बलिस्टर त्यागी, निरीक्षक ललित कुमार, उपनिरीक्षक दिलशाद खान एवं अन्य पुलिस टीम शामिल रही |
