सरोवरनगरी में शुरू हुआ फागोत्सव, आई होली की मस्ती

नैनीताल, 6 मार्च (हि.स.)। सरोवरनगरी में नगर की धार्मिक-सामाजिक संस्था श्रीराम सेवक सभा के तत्वावधान में 29वें फागोत्सव को शुभारंभ हो गया है। गुरुवार को इसकी शुरुआत नगर के तल्लीताल धर्मशाला-वैष्णो देवी मंदिर से महिलाओं के होली जुलूस व स्वांग से हुई। इसके साथ नगर में होली की मस्ती दिखने लगी है।

गुरुवार को प्रातः 11 बजे से मॉल रोड से निकले महिलाओं के जुलूस में महिलाएं महाकुंभ के पंडितों एवं वहां स्नान करके आये श्रद्धालुओं के साथ ही देश के क्रिकेटर विराट कोहली के रूप में स्वांग करते और होली गीतों के साथ नाचते-झूमते नजर आये। अपराह्न दो बजे से श्रीराम सेवक सभा के प्रांगण में सिद्धि होली दल सात नंबर, जय मां वैष्णो होली समिति अयारपाटा, मां हाट कालिका समूह स्टोनले कंपांउंड, महिला होली दल कृष्णापुर, संपूर्ण वूमन वेलफेयर क्लब नैनीताल, मां पाषाण देवी महिला होली ग्रुप आदि महिला होली दलों ने होलियों की प्रस्तुतियां दी।

माहौल को सांस्कृतिक रंगों में रंग दिया। साथ ही स्वांगों के जरिये समाज की स्थितियों व समस्याओं पर गहरे कटाक्ष भी किये और उपयोगी संदेश भी दिये। आयोजन में सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, पूर्व अध्यक्ष व सभासद मुकेश जोशी, विमल चौधरी, राजेंद्र लाल साह व मिथिलेश पांडे सहित बड़ी संख्या में सभा के सदस्य व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए नजर आये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights