employment-mission-mou-

लखनऊ, 22 जुलाई । उत्तर प्रदेश में रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों एवं श्रमिकों को देश-विदेश में रोजगार के अवसर प्रदान करने हेतु ’उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ का गठन किया गया है। मिशन के उद्देश्यों में देश व विदेश में रोजगार की मांग का सर्वेक्षण, प्रतिष्ठित कम्पनियों को सूचीबद्ध करना, अभ्यर्थियों के स्किल गैप का पता लगाना एवं दूर करना, अभ्यर्थियों को विदेश में रोजगार प्रदान करने हेतु भाषा प्रशिक्षण आदि प्रदान किये जाने के कार्य किये जाने हैं।

इसी कड़ी में बुधवार काे श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग अनिल राजभर एवं राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी की गरिमामयी उपस्थिति में सेवायोजन विभाग एवं अडानी स्किल्स एण्ड एजुकेशन के मध्य एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित किये जाने का कार्यक्रम बापू भवन, सचिवालय, उ0प्र0 के सभाकक्ष में संपादित किया गया। एम0ओ0यू0 का मुख्य उद्देश्य अडानी स्किल्स एण्ड एजुकेशन के माध्यम से सेवायोजन विभाग में पंजीकृत अभ्यर्थियों के स्किल गैप को दूर करते हुए उनको स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जाना है।

जहां 6004 निर्माण श्रमिकों को अब तक इजराइल भेजकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि विभाग द्वारा प्राप्त की गयी है। वर्तमान मे 1,336 निर्माण श्रमिकों को प्रशिक्षण के उपरान्त इजराइल भेजे जाने की कार्यवाही की जा रही है। इसके अतिरिक्त वर्तमान में 245 रेनोवेशन सेक्टर के श्रमिकों को इजराइल भेजे जाने की कार्यवाही की जा रही है। यह भी प्रयास निरंतर किये जा रहे हैं कि युवाओं को प्रदेश में भी प्रतिष्ठित कॅपनियों में रोजगार के अवसर सुलभ हो सकें। अडानी ग्रुप के साथ आज का एम0ओ0यू0 इस प्रक्रिया की एक महत्पूर्ण पहल है।

प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन, डॉ० एम० के० शन्मुगा सुन्दरम् द्वारा अडानी स्किल्स एण्ड एजुकेशन के मध्य हुये एम0ओ0यू0 को विभाग की उपलब्धि बताते हुये अवगत कराया गया कि इसके माध्यम से प्रदेश के युवाओं को प्रदेश में ही अडानी ग्रुप द्वारा किये जा रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स यथा- डिफेन्स कॉरिडोर, थर्मल पॉवर प्लांट आदि में रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि सेवायोजन विभाग द्वारा रोजगार मेलों के माध्यम से 01 अप्रैल, 2017 से अब तक 17 लाख से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार हेतु चयनित कराया गया है। 26 से 28 अगस्त, 2025 को इन्दिरा गॉधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित रोजगार महाकुम्भ के माध्यम से 16,212 युवाओं का चयन कराया गया, इनमें 1,612 युवाओं का चयन विदेश में रोजगार हेतु किया गया है। जनपद गोरखपुर में माह 14-15 अक्टूबर, 2025 में आयोजित इण्टरनेशनल प्लेसमेन्ट इवेन्ट के माध्यम से 279 अभ्यर्थियों का विदेश हेतु चयन कराया गया।

जनपद वाराणसी में 09 से 10 दिसम्बर, 2025 को आहूत काशी सांसद रोजगार महाकुम्भ के माध्यम से 8,054 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिसमें 85 अभ्यर्थियों का चयन विदेश में रोजगार के लिए हुआ है। इसके अतिरिक्त 08 मार्च को आयोजित पिंक रोजगार मेले के माध्यम से 2765 महिला अभ्यर्थियों को विभिन्न कम्पनियों में चयनित कराया गया, जिसमें से 79 महिला अभ्यर्थियों का चयन विदेशों में रोजगार हेतु किया गया।

सेवायोजन कार्यालयों द्वारा कॅरियर काउन्सिलिंग कार्यक्रमों का आयोजन कर रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसरों के अनुरूप विषय चयन में सहायता, शिक्षण, प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी प्रदान की जाती है। वर्ष 2017 से अब तक 34 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को कॅरियर काउन्सिलिंग कार्यक्रमों के माध्यम से कॅरियर मार्गदर्शन प्रदान किया गया है।

निदेशक, सेवायोजन नेहा प्रकाश द्वारा इस एम0ओ0यू0 को उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि सेवायोजन विभाग द्वारा इण्डस्ट्री कनेक्ट कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न औद्योगिक संगठनों एवं नियोक्ताओं को विभाग से जोड़ने की कार्यवाही की जा रही है। जनपद नोएडा में 22 अगस्त, 2025 को इण्डस्ट्री मीट व 13 मार्च, 2026 को मुम्बई में इण्डस्ट्री कनेक्ट कार्यक्रम कराया गया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights