चेन्नई, 06 सितंबर । चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी-2026 के फाइनल मुकाबले के पहले दिन ईस्ट जोन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए साउथ जोन के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
दिन का खेल समाप्त होने तक ईस्ट जोन ने चार विकेट पर 385 रन बना लिए हैं। कप्तान एवं स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन 111 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि कुमार कुशाग्र 63 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
फाइनल में टॉस जीतकर ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तेजतर्रार पारी खेलते हुए 37 गेंदों पर 44 रन बनाए, हालांकि वह अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। इसके बाद अभिमन्यु ईश्वरन ने मोर्चा संभाला और 86 गेंदों पर 72 रनों की उपयोगी पारी खेली। ईस्ट जोन के बल्लेबाजों ने साउथ जोन के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
शिखर मोहन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 85 रन बनाए। उन्होंने कप्तान ईशान किशन के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शिखर के आउट होने तक ईस्ट जोन का स्कोर 241 रन तक पहुंच चुका था। इसके बाद कप्तान ईशान किशन और कुमार कुशाग्र ने टीम को बड़े स्कोर की ओर तेजी से आगे बढ़ाया। कुशाग्र ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए टीम को 350 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
