मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। मां शाकंभरी देवी के शारदीय नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया तथा नवरात्रि के शुभ अवसर पर कन्याओं को प्रसाद वितरित किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए राणा परिवार की ओर से पुलिस रिपोर्टिंग चौकी के भवन विस्तार का उद्घाटन किया गया। इस भवन का निर्माण मंदिर व्यवस्थापक आदित्य राणा द्वारा करवाया गया है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में कहीं भी कोई कमी या समस्या दिखाई दे तो तत्काल इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के मां के दर्शन कराने तथा उनके साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और शौचालयों को स्वच्छ रखा जाए। इसके साथ ही विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं इस प्रकार सुनिश्चित की जाएं, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और उनके मन में अच्छा अनुभव रहे। इस अवसर पर एसपी यातायात शैलेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार, मंदिर व्यवस्थापक आदित्य राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे
