मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, सहारनपुर में आयोजित 04 दिवसीय अंडर-12 क्रिकेट समर कप-2026 प्रतियोगिता की विजेता टीम “सवेरा क्रिकेट एकेडमी” के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर प्रशिक्षक/अभिभावक भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीआईजी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का सशक्त आधार हैं। खेल बच्चों एवं युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच, टीम भावना एवं जीवन के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेल भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाते हुए निरंतर मेहनत करें और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करें। “सवेरा क्रिकेट एकेडमी” का संचालन सहारनपुर परिक्षेत्र में नशे के विरुद्ध संचालित जन-जागरूकता अभियान “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अन्धकार से जीवन के उजाले की ओर” की प्रेरणा से किया किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए उन्हें खेल, शिक्षा, सकारात्मक गतिविधियों एवं स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। सवेरा क्रिकेट एकेडमी की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा एवं उचित मंच प्रदान किया जाए तो वे समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बन सकते हैं।
