नई दिल्ली, 12 जुलाई । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लग्जरी कार चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पंजाब और राजस्थान के दो रिसीवर (चोरी के वाहन खरीदने और बेचने वाले) को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट और जाली आरसी के साथ 12 हाई-एंड लग्जरी कारें बरामद की गई हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में सक्रिय था और चोरी की महंगी एसयूवी व लग्जरी कारों को नया रूप देकर बेचता था।
क्राइम ब्रांच पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने रविवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल (एईकेसी) ने बढ़ती लग्जरी कार चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम गठित की थी। टीम ने चोरी के पैटर्न, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि गिरोह आधी रात के समय वारदात को अंजाम देता था और कुछ ही मिनटों में महंगी कारों का लॉक खोलकर उन्हें लेकर फरार हो जाता था। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर 7 जून को ईस्ट दिल्ली स्थित क्राउन प्लाजा होटल के पीछे एमसीडी पार्किंग से गुरविंदर सिंह बैंका को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से प्रशांत विहार से चोरी हुई हुंडई क्रेटा बरामद हुई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी और उसके पास जाली रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी मिला।
पूछताछ में गुरविंदर ने खुलासा किया कि वह चोरी की कारें पंजाब के अमृतसर और लुधियाना में बेचता था। उसने बताया कि उसे ये वाहन राजस्थान के बीकानेर निवासी दशरथ बिश्नोई उपलब्ध कराता था। इसके बाद पुलिस ने जोधपुर के ओसियां टोल प्लाजा से दशरथ बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपित चोरी की फॉर्च्यूनर, थार, क्रेटा, किआ और अन्य लग्जरी कारें महज 4 से 5 लाख रुपये में खरीदते थे। इसके बाद इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर फर्जी आरसी तैयार करते और वाहनों को असली बताकर पंजाब व राजस्थान में बेच देते थे। आरोपियों ने 15 से 20 ऐसी वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार गुरविंदर पहले भी दिल्ली और पंजाब के चार मामलों में शामिल रह चुका है और रानीबाग थाने के एक मामले में घोषित भगोड़ा भी है। वहीं दशरथ वर्ष 2021 से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़ा है। क्राइम ब्रांच ने आरोपित की निशानदेही पर 12 लग्जरी वाहन, फर्जी नंबर प्लेट और जाली दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, दिल्ली में सक्रिय वाहन चोरों और चोरी की अन्य गाड़ियों का पता लगाने में जुटी है।
