पश्चिम एशिया संकट के बीच तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम एक बार फिर बढ़ा दिये हैं। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कार्पोरेशन की वेबसाइट से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली में आज से पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी में आज से एक लीटर पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये हो गयी है। वहीं, एक लीटर डीजल 91.58 रुपये का मिलेगा।
वहीं, सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के एक सीनीयर अधिकारी ने बताया है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी एक साथ नहीं की जाएगी, बल्कि इसे धीरे-धीरे लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य आम लोगों पर अचानक आर्थिक बोझ कम करना और महंगाई को नियंत्रित रखना है। अधिकारी के अनुसार, कंपनी उपभोक्ताओं को राहत देने की पूरी कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि तेल की कीमतों को लेकर अभी कोई तय आंकड़ा नहीं है कि कुल कितनी बढ़ोतरी होगी, यह फैसला बाद में उच्च स्तर पर लिया जाएगा।
कीमतें क्यों बढ़ रही हैं?
IOCL अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। इसकी मुख्य वजह मिडिल ईस्ट में तनाव और युद्ध जैसी स्थिति है, जिससे सप्लाई पर असर पड़ा है। खासकर होर्मुज स्ट्रेट जैसे अहम तेल मार्ग को लेकर चिंता बनी हुई है। इन्हीं वैश्विक कारणों के चलते भारत में ईंधन की लागत बढ़ रही है, जिसका असर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ रहा है।
मांग पर क्या असर होगा?
कंपनी का कहना है कि कीमत बढ़ने के बावजूद ईंधन की मांग में कोई बड़ी गिरावट आने की संभावना नहीं है। गर्मी के मौसम में डीजल और पेट्रोल की खपत सामान्य रूप से मजबूत बनी रहती है।
2022 से तुलना नहीं
अधिकारी ने यह भी साफ किया कि मौजूदा स्थिति की तुलना 2022 से नहीं की जा सकती, जब रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान लगातार कई दिनों तक पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी थीं और लगभग 10 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई थी। विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगर कीमतें बढ़ती रहीं तो इसका असर महंगाई पर भी पड़ेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले हफ़्ते नागरिकों और सरकारी विभागों से ईंधन बचाने, रिमोट वर्किंग (घर से काम) को बढ़ावा देने और गैर-ज़रूरी यात्रा कम करने का आग्रह किया था, क्योंकि ऊर्जा की ऊंची कीमतें विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव डाल रही हैं और चालू खाता घाटा बढ़ने का खतरा पैदा कर रही हैं। कई राज्य सरकारों ने पहले ही अपने विभागों को यात्रा कम करने और दफ़्तरों में उपस्थिति घटाने के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में भी दो बार बढ़ोतरी हुई है: इसमें दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में 15 मई को 2 रुपये की बढ़ोतरी के बाद रविवार को 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी भी शामिल है। कीमतें बढ़ाने के मामले में निजी खुदरा विक्रेता सरकारी कंपनियों से आगे निकल गए थे। नायरा एनर्जी ने मार्च में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें क्रमशः 5 रुपये और 3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाईं, जबकि शेल ने 1 अप्रैल से पेट्रोल की कीमत में 7.41 रुपये और डीज़ल की कीमत में 25 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की।
उद्योग के अधिकारियों ने कहा कि कीमतों में हालिया बदलाव इस तरह से किए गए हैं कि तेल कंपनियों पर पड़ने वाले दबाव को कुछ हद तक कम किया जा सके, और साथ ही महंगाई का कोई बड़ा झटका भी न लगे, हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि इन बढ़ोतरी से कीमतों पर दबाव और बढ़ेगा। भारत में खुदरा महंगाई दर मार्च के 3.40 प्रतिशत से बढ़कर अप्रैल में 3.48 प्रतिशत हो गई, जबकि थोक महंगाई दर 42 महीनों के उच्चतम स्तर 8.3 प्रतिशत पर पहुंच गई; इसकी मुख्य वजह ईंधन और ऊर्जा की बढ़ती कीमतें थीं।
विपक्षी दल कांग्रेस ने ईंधन की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर सरकार पर अपने हमले तेज़ कर दिए हैं। उसने चेतावनी दी है कि कीमतों में हालिया बढ़ोतरी तो अभी शुरुआत भर है, और उपभोक्ताओं को आने वाले समय में कीमतों के मोर्चे पर और भी बड़े दबाव का सामना करना पड़ सकता है। “अभी तो ये अंगड़ाई है, आगे और महंगाई है,” पार्टी ने X पर एक पोस्ट में कहा। इसके साथ ही उन्होंने एक न्यूज़ क्लिप भी अटैच की, जिसमें दिखाया गया था कि एक हफ़्ते से भी कम समय में दूसरी बार पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें बढ़ाई गई हैं।
