मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। महर्षि वाल्मीकि की महानता से वर्तमान और भावी पीढ़ी को परिचित कराने के लिए सतत् प्रयासरत है। इस क्रम में लालापुर, जनपद चित्रकूट में उनकी तपोस्थली के सौंदर्यीकरण तथा अयोध्याधाम में महर्षि वाल्मीकि अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की स्थापना जैसे अनेक प्रयास किए गए हैं। आदिकवि की जयन्ती के अवसर पर प्रदेश में मन्दिरों/देवस्थानों पर रामायण पाठ आदि का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुण्य अवसर पूरे प्रदेश में शान्ति और सामाजिक सौहार्द को चिरस्थायी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के लिए सुख और समृद्धि की कामना की है।
