झांसी, 20 जून । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 20 और 21 जून को झांसी दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि कार्यक्रम, कानून-व्यवस्था की बैठक तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन में सहभागिता करेंगे।
जारी प्रोटोकॉल में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री, आज (20 जून) को अपराह्न 2 बजकर 30 मिनट पर ललितपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा झांसी पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद कार से 2 बजकर 35 मिनट पर दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वह लगभग एक घंटे तक उपस्थित रहेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री 3 बजकर 40 मिनट पर मंडलायुक्त सभागार पहुंचकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। यह कार्यक्रम शाम 4 बजकर 30 मिनट तक चलेगा। इसके उपरांत मुख्यमंत्री झांसी मंडल के जनपदों में लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा तथा नए विकास कार्यों की कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। यह समीक्षा बैठक शाम 4 बजकर 30 मिनट से 5 बजकर 30 मिनट तक प्रस्तावित है।
शाम 5 बजकर 45 मिनट से 6 बजकर 30 मिनट तक मुख्यमंत्री जनपद के विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। बैठक के बाद वह मंडलायुक्त सभागार से सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगे। सायं 6 बजकर 35 मिनट पर सर्किट हाउस पहुंचकर नवीन भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद उनका समय रात्रि विश्राम के लिए आरक्षित रहेगा।
21 जून को मुख्यमंत्री प्रातः 5 बजकर 45 मिनट पर सर्किट हाउस से झांसी किला प्रांगण के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वह सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। योग कार्यक्रम के बाद वह सर्किट हाउस लौटेंगे और जलपान करेंगे। इसके पश्चात सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर सर्किट हाउस से पुलिस लाइन हेलीपैड के लिए रवाना होंगे तथा सुबह 10 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा महोबा के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही महानगर की यातायात व्यवस्था में रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।
