मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लेने ऐली परसोली पहुंचेंगे। वहां से भिखारीपुर सकरौर तटबंध का निरीक्षण करेंगे। अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा भी होगी। मुख्यमंत्री 2 बजकर 40 मिनट पर ऐली परसोली पहुंचने का कार्यक्रम जारी किया गया है।
नेपाल के पहाड़ों पर हो रही बरसात और बैराजों से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद सरयू नदी पूरे उफान पर है। जिसकी वजह से नवाबगंज क्षेत्र के कई गांव में बाढ़ जैसे हालात हैं। पानी का फैलाव लगातार बढ़ रहा है। अन्य कई गांव पानी के लगातार फैलाव से घिरने की आशंका है। बीते बुधवार को जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तटबंध का निरीक्षण कर गोताखोरों को सुरक्षा किट देने के साथ-साथ अधिकारियों को बांध की सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री लगातार बाढ़ के हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रतिदिन को इसकी समीक्षा भी कर रहे हैं। किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। हमारी परियोजनाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के दौरे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने का अनुमान लगाया जा रहा था। 2 दिनों से डीएम, एसपी, डीआईजी और मंडलायुक्त लगातार मुख्यमंत्री के आने की तैयारियों में जुटे हैं। अधिकारियों ने कल हेलीपैड का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बंधे के करीब हेलीपैड बनाया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग टूटी सड़कों की मरम्मत करने में जुटा रहा। वही बाढ़ चौकियों के आसपास 2 दिनों से लगातार सफाई का काम चल रहा है। डीएम ने सिंचाई विभाग और बाढ़ खंड के अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साफ सफाई के साथ सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights