पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रिहा होंगे और देश में क्रांति लाएंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल (55) को ईडी ने बृहस्पतिवार को उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था। केजरीवाल को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया।

मान, दिल्ली की मंत्री आतिशी और मंत्रीकैलाश गहलोत तथा महापौर शैली ओबेरॉय ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के ‘शहीद दिवस’ के मौके पर शनिवार को शहीदी पार्क का दौरा किया।

पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा देश में तानाशाही लाना चाहती है। विपक्षी नेताओं को जेल भेजना आजादी नहीं है। आइए एकजुट हों वरना देश बर्बाद हो जाएगा। केजरीवाल बाहर आएंगे, एक बड़ी क्रांति लाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार कानून के मुताबिक चलेगी। मान ने कहा, ‘‘कोई भी कानून यह नहीं कहता कि राजनीतिक प्रतिशोध के तहत जेल भेजे गए मुख्यमंत्री को इस्तीफा देने की जरूरत है। वह ईडी की हिरासत में हैं, उन्हें दोषी करार नहीं दिया गया है। हर उम्मीदवार केजरीवाल होगा। हर कार्यकर्ता केजरीवाल होगा।’’

मान ने कहा कि विभिन्न देशों के दैनिक समाचार पत्रों ने अपने पहले पन्ने पर लिखा है कि भारत में ‘‘लोकतंत्र खतरे में है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ये लोग यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध रोकने की बात करते हैं। उन्होंने यहां विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights