नीरज प्रजापति
हेड बॉय-हेड गर्ल सहित सदन पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ
सिखेड़ा। वेदांता पब्लिक स्कूल सिखेड़ा में विद्यार्थियों के अंदर नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ब्लेसिंग सेरेमनी का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के चयनित विद्यार्थियों को मॉनिटर के बैच प्रदान कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के चारों सदनों (गांधी, कलाम, सुभाष टैगोर) के कैप्टन एवं वाइस कैप्टन का चयन किया गया। साथ ही विद्यालय के हेड बॉय एवं हेड गर्ल का भी चुनाव किया गया। चयनित विद्यार्थियों को बैच पहनाकर उनके दायित्वों से अवगत कराया गया।
विद्यालय के प्रबंधक सुशील सिंह आर्य एवं प्रधानाचार्य विवेक चौधरी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का पद सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए विद्यालय के अनुशासन, नियमों एवं मूल्यों का पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर सभी चयनित विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा एवं पूर्ण समर्पण के साथ निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने विद्यालय की गरिमा एवं अनुशासन को बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से पालन करने का संकल्प लिया।
समारोह का वातावरण उत्साह एवं उमंग से भर गया। विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ ने सभी नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए विद्यालय की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
