दो दिन पहले हुई कहासुनी के बाद फिर भिड़े पड़ोसी, मारपीट में एक व्यक्ति की मौत से इलाके में सनसनी, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर संभाली स्थिति।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। मामूली विवाद की चिंगारी ने छपार में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 55 वर्षीय हारुन की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद कस्बे में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
छपार थाना क्षेत्र के जहानखा इलाके में पड़ोसियों के बीच विवाद को लेकर दोनों पक्षों में टकराव हुआ। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व भी दोनों पक्ष किसी बात को लेकर आमने-सामने आए थे और उनके बीच कहासुनी हुई थी। पुराना विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ था कि गुरुवार को फिर दोनों पक्षों के बीच तनातनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट होने लगी, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इसी दौरान 55 वर्षीय हारुन पुत्र महमूद गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस और पीआरवी मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अमृत जैन भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने हारुन के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। घटना के बाद किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए कस्बे में पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है। पुलिस अन्य घायलों के बयान दर्ज कर विवाद की जड़ और संघर्ष में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन एक मामूली विवाद के हिंसक परिणाम ने क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights