दीपक राठी

बुढ़ाना। कस्बा निवासी महिला से सोने के जेवर लूटने वाला एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी पर भर्ती कराया।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि कस्बा निवासी सुमन से बीते माह की 20 तारीख को दो बदमाशों ने सोने के जेवर लूट लिए थे। महिला ने घटना की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम का गठन किया। गुरुवार देर रात पुलिस को मुखबिर द्वारा दोनों आरोपियों के कांधला रोड से कस्बे की ओर आने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने टीम बनाकर कांधला रोड पर क्राउन स्कूल के पास वाहन चेकिंग शुरू की। पुलिस ने कांधला की ओर से आ रहे दो बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया तो वो क्राउन स्कूल से मंदवाडा रोड की ओर भागने लगे। पुलिस को पीछे आता देखकर आरोपियों ने बाइक छोड़ खेत की ओर कूदकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी पर भर्ती कराया।

पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में घायल आरोपी नौशाद पुत्र अलीमुद्दीन निवासी गुलर भोज ठंडा नाला थाना गदरपुर जनपद रुद्रपुर उत्तराखंड और दूसरा आरोपी वाजिद पुत्र अहमद निवासी गांव शेखपुर जनपद मेरठ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के 2 कुंडल एक अंगूठी, छह हजार रूपये, एक तमंचा आदि बरामद किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights