मनीष अग्रवाल

बिहारीगढ़ । जनपद सहारनपुर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत बिहारीगढ़ पुलिस ने एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17.70 ग्राम अवैध स्मैक और 7,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जनपद में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और इसमें संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष बिहारीगढ़ धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 14 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान चानचक से फतेहपुर पेलियो जाने वाले रास्ते से पवन सैनी पुत्र सतीश सैनी, निवासी ग्राम कुरड़ीखेड़ा, थाना बिहारीगढ़, जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 17.70 ग्राम स्मैक और 7,300 रुपये नकद बरामद हुए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना बिहारीगढ़ में मुकदमा अपराध संख्या 177/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध सहारनपुर जनपद में लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

नशा तस्कर की गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक संजीव यादव, कांस्टेबल राजकुमार और कांस्टेबल गजेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights