अब निजी वाहनों और डग्गामार साधनों के भरोसे सफर करने की मजबूरी से मिलेगी राहत, मुजफ्फरनगर डिपो की 20 बसें जलालाबाद भेजने की तैयारी, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीण यात्रियों को मिलेगा लाभ।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। ग्रामीण अंचलों में सार्वजनिक परिवहन की कमी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की बड़ी उम्मीद जगी है। चरथावल-थानाभवन मार्ग से जुड़े करीब 50 गांवों को रोडवेज बस सेवा से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इस रूट पर नियमित बसों का संचालन शुरू होने से ग्रामीणों को जिला मुख्यालय, कस्बों और अन्य स्थानों तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों तथा दूसरे साधनों पर निर्भरता कम होगी। लंबे समय से इस मार्ग पर रोडवेज बसों के संचालन की मांग उठ रही थी। बसों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता था, जबकि मजबूरी में निजी और अन्य यात्री वाहनों से सफर करना पड़ता था। अब परिवहन निगम की पहल से इस समस्या के समाधान की उम्मीद बढ़ी है। योजना के तहत मुजफ्फरनगर रोडवेज डिपो से 20 बसें जलालाबाद डिपो को उपलब्ध कराई जाएंगी। जलालाबाद डिपो से चरथावल मार्ग पर बसों का संचालन कराया जाएगा। इससे क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होने के साथ यात्रियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ेगा। भारतीय किसान यूनियन के एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर संगठन कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुका है। रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भी भेजा गया था। ग्रामीण लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। क्षेत्रीय प्रबंधक योगेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, जलालाबाद डिपो के संचालन के बाद थानाभवन-चरथावल मार्ग पर रोडवेज बसें चलवाई जाएंगी। मुजफ्फरनगर डिपो की 20 बसें जल्द जलालाबाद भेजी जाएंगी। बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही, शिक्षा, रोजगार और बाजार तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। करीब 50 गांवों के लिए यह पहल ग्रामीण परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव साबित हो सकती है।
