-
- आकाशीय बिजली व लगातार बारिश से भगवंत आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल को भारी नुकसान, विद्युत आपूर्ति बाधित

मुजफ्फरनगर। लगातार हो रही बारिश एवं आकाशीय बिजली गिरने से भगवंत आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल को भारी क्षति पहुँची है। कॉलेज के निदेशक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने के कारण संस्थान के सोलर प्लांट का इन्वर्टर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कॉलेज एवं अस्पताल में पिछले दो दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित है।

बिजली उपलब्ध न होने के कारण अस्पताल की अनेक आवश्यक सेवाएँ प्रभावित हो रही हैं। अस्पताल प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्थाओं के माध्यम से आवश्यक सेवाएँ संचालित करने का प्रयास कर रहा है।
अस्पताल के अधीक्षक ने बताया कि पिछले दो दिनों से सरकारी विद्युत आपूर्ति भी बाधित है, जिससे स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है।
इसी दौरान अपार्टमेंट परिसर में रहने वाले डॉ. शमशेर सिंह के फ्लैट पर भी आकाशीय बिजली गिरने से उनके टीवी, एसी, स्पीकर सहित अन्य विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।
डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि विद्युत व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के लिए संबंधित तकनीकी टीम युद्धस्तर पर कार्य कर रही है और जल्द ही आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि वर्तमान परिस्थितियों में केवल अत्यंत आवश्यक एवं आपातकालीन स्थिति में ही अस्पताल आएँ। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन द्वारा हाईवे बंद किए जाने के कारण अस्पताल तक पहुँचने वाला संपर्क मार्ग भी प्रभावित है। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं तथा कई ट्रक पिछले कई दिनों से जाम में फँसे हुए हैं, जिससे आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है।

अस्पताल प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग एवं धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया है कि परिस्थितियाँ सामान्य होते ही सभी सेवाएँ पूर्ववत संचालित की जाएँगी।
