ब्रह्म प्रकाश शर्मा

जानसठ। तहसील क्षेत्र के कथौड़ा गांव स्थित प्रसिद्ध पीर पर प्रसाद चढ़ाकर बाइक से वापस लौट रहे पति-पत्नी और उनके साले को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कथौड़ा पुलिस चौकी प्रभारी ने बिना समय गंवाए अपनी निजी गाड़ी से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान एक युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार  शिवा पुत्र सुधीर अपनी पत्नी संजना तथा अपने साले दीपू निवासी रहमापुर के साथ बाइक पर सवार होकर थाना मीरापुर क्षेत्र के कथौड़ा स्थित पीर पर प्रसाद चढ़ाने गए थे। बताया गया कि प्रसाद चढ़ाने के बाद तीनों बाइक से वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे। बताये गये अनुसार जैसे ही वे कथौड़ा क्षेत्र में पहुंचे, इसी दौरान  एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में  टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कथौड़ा पुलिस चौकी प्रभारी मोहित कुमार  तत्काल मौके पर पहुंचे। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी निजी गाड़ी से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ पहुंचाया।

सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दीपू को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवा और उसकी पत्नी संजना का उपचार शुरू किया गया। हादसे में युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने सड़क पर तेज गति से चलने वाले वाहनों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, घायल दंपती की हालत को लेकर भी परिजन चिंतित हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights