agriculture-deprtment-get-18ta

मुरादाबाद, 25 अगस्त । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 3,572 कृषि प्राविधिक सहायकों एवं मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार, मुरादाबाद में किया गया। जनपद मुरादाबाद को आवंटित 20 नव चयनित कृषि प्राविधिक सहायकों में से उपस्थित 18 कार्मिकों को जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करते हुए नव चयनित कार्मिकों में उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा। जिलाधिकारी ने सभी को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए सेवाकाल की नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने नव चयनित प्राविधिक सहायकों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस पारदर्शिता, योग्यता और निष्पक्ष प्रक्रिया के आधार पर उनका चयन हुआ है, उसकी प्रतिबद्धता उनके पूरे सेवाकाल में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग सीधे किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए प्राविधिक सहायकों की जिम्मेदारी केवल विभागीय कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि खेत-खलिहान तक पहुंचकर किसानों को सही तकनीकी मार्गदर्शन देना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने नव नियुक्त कार्मिकों से कहा कि वे अपनी ऊर्जा, तकनीकी ज्ञान और अनुभव का उपयोग किसान हित में करें। किसानों से निरंतर संवाद स्थापित करते हुए उन्हें आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करें तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करें।

जनपद में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले नव चयनित प्राविधिक सहायकों में जाबर सिंह, शक्ति कुमार, वीरेंद्र कुमार, रजत कुमार, देवराज सिंह, जशनप्रीत सिंह, राम बाबू, विपिन कुमार, सचिन कुमार, अभिषेक, विकास कुमार, कौशल कुमार, विनीत कुमार, श्रीगोविंद, ललित कुमार, बृजेश कुमार, रमेश्वर एवं विपिन कुमार शामिल रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights