पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार सहकारी समितियों को ग्रामीण जीवन का एक मजबूत हिस्सा बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके मद्देनजर दूध तथा चीनी उत्पादन जैसे क्षेत्रों में पहचान बनाने के बाद अब कृषि और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में तेजी लाई जा रही है। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लाभार्थियों के साथ बातचीत में मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में उनकी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के करोड़ों लाभार्थियों के जीवन में आया बदलाव साहस, संतुष्टि और सपनों की कहानी है।

पीएम मोदी ने कहा कि जब वह लोगों के साथ बातचीत करते हैं तो उनका आत्मविश्वास देखना उनके लिए संतुष्टि का एक बड़ा स्रोत रहा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने इस यात्रा के कुछ लाभार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा, ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा के अद्भुत परिणाम सामने आ रहे हैं। आज देश के लाखों लाभार्थी सरकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम बन रहे हैं। लोगों को नई ताकत मिल रही है और वे अपने लिए एक बेहतर भविष्य बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि पहली बार इसके जरिए देशव्यापी स्वास्थ्य जांच की जा रही हैं और लगभग सवा करोड़ लोग इसका लाभ ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि 70 लाख लोगों की टीबी से जुड़ी जांच पूरी हो चुकी है जबकि 15 लाख लोगों की सिकल सेल एनीमिया के लिए जांच हुई है। प्रधानमंत्री ने 15 नवंबर, 2023 को विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की थी। वह इस यात्रा के लाभार्थियों के साथ नियमित संवाद कर रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरे देश में सरकार की प्रमुख योजनाओं की अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है, ताकि इन योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से सभी लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights