उत्तर प्रदेश में हापुड़ जिले में बुधवार रात को एक भीषण हादसा हो गया। जहां पर धौलाना क्षेत्र में एक बेकाबू कैंटर दीवार तोड़ते हुए ढाबे में घुस गया। इस हादसे में अंदर खाना खा रहे 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर एसपी समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस हादसे की जानकारी देते हुए, अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्र ने गुरुवार को बताया कि गाजियाबाद-दादरी राजकीय राजमार्ग पर खिर्जाबाद रोड पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कैंटर सड़क किनारे ढाबे की दीवार तोड़ कर भीतर प्रवेश कर गया। घटना के समय कुछ लोग भोजन कर रहे थे। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दो अन्य का इलाज दादरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है। जिनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसा के बाद ढाबे की दीवार गिर गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। खाने खा रहे लोग इधर उधर भागने लगे। कुछ लोग उसी में दब गए। उन्होने बताया कि मृतकों की पहचान एटा जिला निवासी अरुण और कासगंज निवासी जितेंद्र (18) के तौर पर की गयी है। दोनो ढाबा कर्मचारी बताये जाते हैं। अन्य दो मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं। जबकि शिवकुमार, सुधीर तथा सचिन की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

इस हादसे की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights