इंजीनियर से शैक्षिक सुधारवादी बने सोनम वांगचुक ने आज यानी मंगलवार को अपना 21 दिनों का उपवास खत्म कर दिया। यह भूख हड़ताल लद्दाख को राज्य का दर्जा और नाजुक हिमालयी पारिस्थितिकी की सुरक्षा के लिए थी। हालांकि, जोर देकर वांगचुक ने कहा कि उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

वांगचुक ने भूख हड़ताल समाप्त करते हुए कहा कि मैं लद्दाख के लिए संवैधानिक सुरक्षा उपायों और लोगों के राजनीतिक अधिकारों के लिए लड़ना जारी रखूंगा। अनशन समाप्त होने के बाद केंद्र शासित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हजारों लोग एकत्र हुए और महिला समूहों ने कहा है कि वे अब उन्हीं मांगों को लेकर भूख हड़ताल शुरू करेंगी।

कौन हैं ये वांगचुक?
आपको 2009 की फिल्म ‘3 इडियट्स’ याद ही होगा? उसमें एक्टर आमिर खान ने फुसुख वांगडू नाम से वांगचुक पर आधारित किरदार को निभाया था। 6 मार्च को वांगचुक ने अपना उपवास शुरू किया था। कहा था कि वह इसे 21 दिनों तक जारी रखेंगे और इसे ‘मृत्यु तक बढ़ाया जा सकता है’

वांगचुक ने केंद्र सरकार से लद्दाख के लोगों की मांगों को पूरा करने का आग्रह किया था। एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, उन्होंने पानी के जमे हुए गिलास की ओर इशारा किया था और कहा था कि तापमान -10 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के बावजूद 350 लोग उनके साथ उपवास में शामिल हुए थे।

कार्यकर्ता ने कहा कि हम लद्दाख में हिमालय के पहाड़ों के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र और यहां पनपने वाली अद्वितीय स्वदेशी जनजातीय संस्कृतियों की रक्षा के लिए अपने प्रधानमंत्री (नरेंद्र) मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की चेतना को याद दिलाने और जागृत करने की कोशिश कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights