मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली के जानसठ रोड पर शादी समारोह से लौटते समय कार की टक्कर लगने से बाइक चालक की मौत हो गई। लेखपाल अमलेश शर्मा के बेटे मृतक राजदीप शर्मा एसडी डिग्री काॅलेज में पार्किंग चलाते थे। वह पूर्व समय में सरवट गांव से प्रधानी का चुनाव भी लड़ चुके हैं।
बुधवार देर रात नई मंडी कोतवाली के मोहल्ला अंकित विहार निवासी लेखपाल अमलेश शर्मा के बेटे राजदीप शर्मा उर्फ बिट्टू प्रधान (40) जानसठ रोड स्थित एक बैंक्वेटहॉल में शादी समारोह में गया था। वहां से बाइक पर लौटते समय द्वारिका सिटी के पास अज्ञात कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। राजदीप इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मेरठ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मंडी कोतवाली पुलिस का कहना है कि हादसे की अभी तहरीर नहीं आई है। उधर, बृहस्पतिवार देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
