भारतीय मुक्केबाज अभिषेक यादव ने बुधवार को दमदार प्रदर्शन करते हुए कजाकिस्तान के राखत सेतझान को हराकर एलोर्डा कप मुक्केबाजी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

अभिषेक पुरुषों के 67 किग्रा क्वार्टर फाइनल में शानदार लय में दिखे और सेतझान को 5-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

वहीं पवन बर्तवाल (54 किग्रा), कविंदर सिंह बिष्ट (57 किग्रा) और दो अन्य भारतीय अपने क्वार्टर फाइनल में हार गए। पवन कजाकिस्तान के काबदेशोव तिमुर से 1-4 से हारे तो वहीं कविंदर उज्बेकिस्तान के मिराजबेक मिर्जाहालिलोव से नॉकआउट में पराजित हुए।

वरिंदर सिंह (60 किग्रा) और हितेश (71 किग्रा) को क्रमश: कजाकिस्तान के तेमिरजानोव सेरिक और असलानबेक शिमबग्रेनोव के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा।

इससे पहले मनीषा (60 किग्रा) और मोनिका (81प्लस किग्रा) ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर भारत के लिए दो और पदक पक्के किए।

मनीषा और मोनिका के साथ मीनाक्षी (48 किग्रा), अनामिका (50 किग्रा), निकहत जरीन (52 किग्रा), सोनू (63 किग्रा), मंजू बंबोरिया (66 किग्रा) और शलाखा सिंह सनसनवाल (70 किग्रा) बृहस्पतिवार को सेमीफाइनल खेलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights