समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में बेईमानी पर उतारू है।

सपा मुख्यालय से जारी एक बयान में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मिल्कीपुर में हर तरह की साजिश कर रही है तथा प्रशासन द्वारा कोटेदारों और प्रधानों पर दबाव बनाया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘मिल्कीपुर में जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। जनता समाजवादी पार्टी को जिताने को तैयार है, लेकिन सरकार के दबाव में प्रशासन समाजवादी पार्टी को हराना चाहता है।’’

यादव ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा सबसे बड़ी बेईमान और झूठी पार्टी है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान दोनो का तिरस्कार कर रही है। भाजपा समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे और फर्जी मुकदमे लगवाकर उन्हें परेशान कर रही है। भाजपा सरकार का रवैया तानाशाहीपूर्ण है।’’

सपा प्रमुख ने अयोध्या में दलित युवती की नृशंस हत्या का मामला उठाते हुए कहा, ‘‘दलित बेटी के साथ हुई अमानवीय घटना को लेकर अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद समेत पूरी पार्टी आहत है। पर, भाजपा सरकार में पीडीए के साथ अन्याय, अत्याचार हो रहा है। न्याय नहीं मिल रहा है।’’

उन्होंने कहा कि जनता बेहद दुःखी है और लोगों में भाजपा की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है। मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ फरवरी को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights