उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में एक दलित युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का खुलासा पुलिस जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेगी। बता दें कि 22 साल की युवती का शव शनिवार को मिला, और यह बेहद हैरान करने वाली स्थिति में था। उसका शव निर्वस्त्र अवस्था में था, और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। हत्या के बाद उसकी आंखें निकाल ली गई थीं और उसके शरीर पर कई गंभीर जख्म पाए गए थे। ऐसा माना जा रहा है कि युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई।

घर से धार्मिक आयोजन के लिए निकली थी युवती
पुलिस के अनुसार, युवती गुरुवार रात 10 बजे किसी धार्मिक आयोजन में जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश के लिए गांव में खोजबीन की, लेकिन जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो उन्होंने शुक्रवार को अयोध्या थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने युवती की खोज में सक्रियता नहीं दिखाई और केवल खानापूर्ति करने में लगी रही।

शनिवार सुबह मिली शव मिलने की जानकारी
शनिवार सुबह युवती के जीजा को उसका शव गांव से आधा किलोमीटर दूर एक छोटी नहर में मिला। उसने यह जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने बताया कि युवती की आंखें निकाल ली गई थीं और उसके शरीर की कई हड्डियां भी टूटी हुई थीं। उन्होंने शक जताया कि युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई। शव मिलने के समय युवती का शरीर निर्वस्त्र था, हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और चेहरे व सिर पर गंभीर जख्म के निशान थे। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights