राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में शनिवार की सुबह किसी हिल स्टेशन जैसी रही। शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश के बाद शनिवार सुबह दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में ‘घने कोहरे’ (Dense Fog) की दस्तक देखी गई। इस बदलाव ने न सिर्फ तापमान गिराया है बल्कि प्रदूषण से भी बड़ी राहत दिलाई है।
मार्च में टूटा ठंड का रिकॉर्ड
शुक्रवार को हुई लगातार बारिश के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर 21.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह साल 2020 के बाद मार्च का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शनिवार को भी न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
161 दिनों बाद साफ हुई दिल्ली की हवा
प्रदूषण की मार झेल रहे दिल्लीवासियों के लिए यह बारिश वरदान बनकर आई है। लगभग 5 महीने (161 दिन) बाद दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘संतोषजनक’ (Satisfactory) श्रेणी में पहुंचा है। इससे पहले आखिरी बार 9 अक्टूबर 2025 को हवा इतनी साफ दर्ज की गई थी।
ईद की सुबह और कोहरे का साया
शनिवार को ईद के मौके पर जब लोग मस्जिदों की ओर रुख कर रहे थे तब उन्हें घने कोहरे और हल्की ठंड का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव के अनुसार पूरे भारत में इस समय ‘थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी’ (Thunderstorm Activity) देखी जा रही है जिसका असर दिल्ली-एनसीआर पर भी पड़ रहा है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
सावधानी बरतें क्योंकि मौसम अभी और करवट लेगा:
- शनिवार शाम: दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में फिर से बारिश होने का अनुमान है।
- सोमवार: एक सक्रिय ‘वेस्टर्न डिस्टरबेंस’ (Western Disturbance) के कारण सोमवार को फिर से बिजली कड़कने और हल्की बारिश की संभावना है।
