बुलंदशहर जिले के डिबाई क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक युवक ने अपनी प्रेमिका की कथित रूप से गोली मारकर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि डिबाई थाना क्षेत्र के सराय किशनचंद मुहल्ले में आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक मकान में प्रिंस (25) और उसकी 15 वर्षीय कथित प्रेमिका दीया के शव संदिग्ध हालात में पाये गये।

उन्होंने बताया कि प्रिंस और दीया मुजफ्फरनगर से आये थे। इस सिलसिले में मुजफ्फरनगर के छपार थाने में प्रिंस के खिलाफ नाबालिग लड़की का अपहरण करने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। वे दोनों बुलंदशहर के डिबाई थाना क्षेत्र स्थित सराय किशनचंद मुहल्ले में नरेन्द्र कुमार के मकान में किराये पर रह रहे थे।

इसकी सूचना मिलने पर मुजफ्फरनगर के छपार थाने की पुलिस लड़की को मुक्त कराने के लिये प्रिंस के किराये के मकान पर पहुंची थी। सूत्रों ने बताया कि पुलिस के साथ प्रिंस का फूफा भी था और उसने उससे दरवाजा खोलने के लिये कहा था, मगर उसने दरवाजा नहीं खोला। कुछ ही देर बाद बगल में रहने वाले लायक सिंह नामक व्यक्ति की छत पर गोली चलने की आवाज सुनायी दी।

सूत्रों के अनुसार, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रिंस और दीया के खून से लथपथ शव बरामद किये। दोनों के सिर में गोली लगी थी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्ट्या ऐसा लगाते है कि लड़के ने लड़की को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली, जिससे दोनों की मौत हो गयी। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights