गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में हरे सूटकेस में मिली महिला की लाश के मामले में सनसनीखेज खुलासे हुए है। गाजियाबाद पुलिस ने कविता हत्याकांड की गुत्थी को सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुलझा लिया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ससुर और दोनो देवर कविता की हत्या करने के बाद दो घंटों तक शव को ठिकाने लगाने के बारे में साचते रहे। इसके बाद आरोपियों ने कविता के शव को तोड़मरोड़कर सूटकेस में किसी तरह बंद किया और बाइक पर ले जाकर दिल्ली बोर्डर से कुछ किलोमीटर दूर गाजियाबाद में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी वापस अपने घर लौट गए।
सूटकेस से आ रही थी दुर्गंध, सूचना पर पहुंची थी पुलिस
बता दें कि बीती 10 जून को दिल्ली बोर्डर से कुछ दूरी पर गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर क्षेत्र में बीहटा हाजीपुर की नहर के पास एक हरे रंग के सूटकेस में एक महिला की लाश मिली थी। सूटकेस से उससे दुर्गंध भी आ रही थी। जिसके बाद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को सूटकेस खोलने पर एक महिला की लाश मिली थी। महिला के शरीर पर कई चोट के निशान थे। मृतका महिला नीले रंग का सूट और काले रंग की सलवार पहने हुए थी। इसके अलावा दोनों हाथों में एक-एक चूड़ी थी। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमे काम कर रही थी।
बाइक नंबर से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद से पुलिस टीमें मृतका की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही थीं। इस दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज बरामद हुई थी, जिसमें दो युवक दिल्ली की ओर से बाइक पर ऐसा ही हरे रंग का सूटकेस लाते हुए दिखाई दे रहे थे और उसके बाद वह खाली हाथ वापस दिल्ली की ओर जा रहे थे। जिसके बाद पुलिस टीम ने बाइक नंबर को ट्रेस किया और मामले का खुलासा हो गया। मृतका की पहचान मूल रूप से पंजाब की रहने वाली कविता के रूप में हुई थी। बताया गया है कि कविता की अम्बिका विहार करावल नगर दिल्ली निवासी सागर से हुई थी। कविता की दो साल की बेटी भी है।
ससुराल में होता था आए दिन झगड़ा
पुलिस को पूछताछ में पता चला कि कविता का आए दिन किसी ना किसी बात पर अपने ससुरालियों से झगड़ा होता था। कुछ दिनों पहले कविता ने अपने देवर सुमित को झगड़े के दौरान थप्पड़ भी मार दिया था। पूछताछ में पता चला कि घंटना की रात भी कविता का अपने ससुर और दोनो देवरों से झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े के दौरान कविता की हत्या को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद आरोपी दो घंटों तक शव को ठिकाने लगाने के बारे में सोचते रहे। इसके बाद सूटकेस में शव को तोड़मरोड़कर रखा और गाजियाबाद में फेंक गए। पुलिस ने कविता के ससुर हरवीर सिंह, देवर सुमित और गुडडु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।