उत्तर प्रदेश की गाजीपुर सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने गैस की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि देश का मालिक देश की समस्याओं को तिलांजलि देकर अमेरिका के आगे नतमस्तक हो गया है. गरीब के बेटे को शहर में रोटी नहीं मिल पा रही, अगर हालात नियंत्रण में नहीं लाए गए तो कोरोना से भयावह स्थिति होगी.
अफजाल अंसारी ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री मीडिया के माध्यम से जनता को बता रहे हैं कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग कहीं भी मत जाइए आपके घर पर गैस सिलेंडर पहुंच जाएगा. वह इतने बड़े धर्मावतार हैं उनकी बात झूठी कैसे हो सकती है? यदि उनकी बातें झूठी हैं तो जनता समय का इंतजार करें.
‘कोरोना से भयावह हो सकते हैं हालात’
सपा सांसद ने कहा कि गैस की कमी के चलते अब लोग अपने घर का पलायन कर रहे हैं. लोगों में भगदड़ मची हुई है और आज कोरोना वाली स्थिति आ चुकी है. बड़े शहरों में भगदड़ मची हुई है, रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर गरीब मजदूर का बेटा है. बड़े शहरों में गया था कमाने के लिए लेकिन, अब उन्हें वहां पर रोटी नहीं मिल रही है. ऐसे में यह स्थिति तत्काल नियंत्रण में नहीं आई तो कोरोना के समय जो भयावह स्थिति थी वैसे ही दृश्य फिर से उत्पन्न हो सकते है.
गैस की कमी को लेकर उन्होंने कहा कि झूठ बोलने से काम नहीं चलेगा लेकिन, देश के मालिक अपने देश की समस्याओं को तिलांजलि देकर के अमेरिका के सामने नतमस्तक हो चुके हैं. जैसे अमेरिका कहता है वैसा हमारे देश के प्रधानमंत्री कर रहे हैं.
अमेरिका के आगे नतमस्तक देश का मालिक
भारत का अनाज अमेरिका की मंडी में जाएगा तो कोई टैक्स नहीं लगेगा और विदेश में पैदा होने वाला अनाज भारत की मंडी में आएगा तो 18 परसेंट टैरिफ देना होगा यह शुद्ध रूप से देश के किसानों के हितों के विपरीत है लेकिन हमारे देश के मालिक ने हस्ताक्षर कर दिया है.
दरअसल अफजाल अंसारी गाजीपुर में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के घर पहुंचे थे, जहां उनके दादा विक्रम यादव से उन्होंने मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने गैस समेत तमाम मुद्दों पर अपनी राय खुलकर रखी. उन्होंने सूर्य कुमार यादव का जिक्र कर कहा कि इस मिट्टी के लाल ने लोहा मनवा दिया और भारत का मान सम्मान बुलंदियों पर पहुंचा दिया.
