झारखंड में आज यानी शनिवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा और खूंटी में सबसे कम 5.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में झारखंड की राजधानी रांची में अच्छी खासी कंकनी देखी गई। दोपहर में कर्कश धूप रही, लेकिन सर्द हवाओं ने लोगों का हाल-बेहाल कर दिया। आईएमडी के अनुसार, ‘‘पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर सामान्य से कम तापमान रहा।” अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन होने की संभावना नहीं है तथा उसके बाद अगले 3 दिनों में तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। आईएमडी ने कल यानी रविवार सुबह हल्के से मध्यम कोहरे और बाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है। छह और सात जनवरी को सुबह कोहरा छाया रहेगा और बाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 8 और 9 जनवरी को मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है।

रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में जो हवा चल रही है, वह उत्तर-पश्चिम से आ रही है। यानी सीधे हिमालय से हवा आ रही है। ऐसे में हवा सर्द होगी और लगने पर काफी कंकनी महसूस होगी। मौसम का ऐसा हाल फिलहाल आने वाले 2 दिन तक ऐसे ही बना रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights