जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ की चुनाव समिति ने बृहस्पतिवार को 2025-26 के छात्र संघ चुनावों के लिए अस्थायी कार्यक्रम जारी किया, जिसके तहत चार नवंबर को मतदान होगा और छह नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।

चुनाव प्रक्रिया 24 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक अनंतिम मतदाता सूची जारी होने तथा उसमें संशोधन शुरू करने के साथ शुरू होगी। नामांकन पत्र 25 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे के बीच जारी किए जाएंगे।

उम्मीदवार 27 अक्टूबर को सुबह साढ़े नौ बजे से शाम पांच बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। वैध नामांकनों की सूची 28 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जारी की जाएगी और उसी दिन अपराह्न दो बजे से शाम पांच बजे के बीच नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।

उम्मीदवारों की अंतिम सूची शाम सात बजे तक जारी कर दी जाएगी और उसके बाद रात आठ बजे प्रचार के लिए स्थान आवंटन के साथ एक प्रेस वार्ता होगी। चुनाव समिति के अध्यक्ष रविकांत द्वारा हस्ताक्षरित अधिसूचना में कहा गया है कि मतदान चार नवंबर को दो सत्रों में होगा- सुबह नौ बजे से अपराह्न एक बजे तक और दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक। मतगणना रात नौ बजे शुरू होगी।

अंतिम परिणाम छह नवंबर को घोषित किए जाएंगे। पिछले साल वामपंथी समर्थित समूहों ने चार केंद्रीय समिति के पदों में से तीन पर जीत हासिल की थी, जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने संयुक्त सचिव का पद हासिल किया, जो लगभग एक दशक में उसकी पहली जीत थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights