महाराष्ट्र के बारामती में एक बार फिर प्रशिक्षण विमान हादसे का मामला सामने आया है. बुधवार (13 मई) को रेडबर्ड कंपनी का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह हादसा गोजुबाबी गांव की सीमा में हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार विमान में मौजूद प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित बताया जा रहा है. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर मदद की. राहत की बात यह रही कि विमान गिरने से किसी बड़े जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है. हालांकि हादसे के बाद विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान किस कारण से दुर्घटनाग्रस्त हुआ. शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही असली वजह सामने आएगी. पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और विमान से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं.
विमान गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के गांवों के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े. कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि विमान काफी नीचे उड़ रहा था और अचानक नियंत्रण खो बैठा.
पहले भी हो चुका है हादसा
गौरतलब है कि गोजुबाबी गांव का नाम इससे पहले भी विमान हादसे को लेकर चर्चा में आ चुका है. इससे पहलेउपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान हादसे की घटना भी इसी इलाके में हुई थी. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद अब ट्रेनिंग विमानों की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विमान दुर्घटना से जुड़ी हर एंगल से जांच की जा रही है. विमान के ब्लैक बॉक्स और तकनीकी रिकॉर्ड की भी जांच हो सकती है.
