महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड में उस वक्त दहशत फैल गई, जब बाइक सवार दो हमलावरों ने एक फर्नीचर मॉल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमलावरों ने दो पिस्तौलों से पांच से छह राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फायरिंग की इस घटना का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शूटरों से बताया जा रहा है.
सोशल मीडिया के जरिए पहले ही जान से मारने की धमकी दी गई थी और गैंग से जुड़े होने का दावा भी किया गया था. बताया जा रहा है कि आरोपी शुभम लोणकर से जुड़े हुए हैं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही जांच
जानकारी के अनुसार, शुभम लोणकर के नाम से खुद इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली और इस बारे में एक बयान फेसबुक पर पोस्ट किया गया है. पुलिस जिसकी जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है, दोपहिया वाहन पर आए दोनों हमलावरों ने मॉल की तरफ 5-6 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे मॉल का कांच का फैकेड टूट गया. पुलिस ने मामले की गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
बिश्नोई गैंग से संबंधित लोगों की जांच में जुटी पुलिस
पिंपरी-चिंचवड पुलिस उपायुक्त गणेश इंगवले के अनुसार, हमलावरों ने एक चेतावनी जारी की, जिसमें दावा किया गया कि ‘AJ’ फर्नीचर मॉल के मालिक अशोक नैन MDMA ड्रग तस्कर हैं और कहा कि यह घटना सिर्फ एक ‘ट्रेलर’ थी और अगला हमला सीधे सिर में गोली मारकर किया जाएगा. इस घटना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं. पुलिस फिलहाल इस मामले के सिलसिले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंधित लोगों की जांच कर रही है.
