दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस परेड के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान 23 जनवरी को मध्य दिल्ली में वाहनों का यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है।

पुलिस ने एक परामर्श जारी कर लोगों से इसके अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने का आग्रह किया है। फुल ड्रेस रिहर्सल का रूट वही होगा जो गणतंत्र दिवस की परेड का होता है।

रिहर्सल पूर्वाह्न 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौराहे, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग से होते हुए लाल किले पर समाप्त होगी।

परेड के सुचारू संचालन के लिए 22 जनवरी को शाम छह बजे से मंगलवार को रिहर्सल के अंत तक विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर यातायात की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सोमवार की रात 11 बजे से परेड खत्म होने तक कर्तव्य पथ पर रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड पर यातायात को मुड़ने की अनुमति नहीं होगी।

परामर्श में कहा गया है कि सी-हेक्सागन-इंडिया गेट मंगलवार सुबह 9.15 बजे से परेड के तिलक मार्ग पार करने तक यातायात के लिए बंद रहा।

मंगलवार पूर्वाह्न 10.30 बजे से तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग पर दोनों दिशाओं में यातायात की अनुमति नहीं होगी।

परामर्श के अनुसार यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और सुबह 9.30 बजे से दोपहर एक बजे तक परेड मार्ग पर जाने से बचें।

ड्रेस रिहर्सल के दौरान सभी स्टेशन से मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

हालांकि, केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन स्टेशन से सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक सवार होने और उतरने की अनुमति नहीं होगी। परामर्श में कहा गया है कि गाजियाबाद से शिवाजी स्टेडियम जाने वाली बसों का सफर राष्ट्रीय राजमार्ग-24, रिंग रोड से होकर भैरो रोड पर खत्म होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights