शहर के चर्चित वीआईपी रोड पर हुए लैम्बॉर्गिनी हादसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस रईसजादे ने अपनी तेज़ रफ़्तार स्पोर्ट्स कार से सड़कों पर कहर बरपाया था, उसे लेकर पुलिस अब काफी ‘उदार’ नजर आ रही है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा से अब आगे कोई पूछताछ नहीं की जाएगी।

70 मिनट की ‘एक्सप्रेस’ कार्रवाई: सवाल या इत्तेफाक?
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, शिवम मिश्रा की गिरफ्तारी गुरुवार सुबह 8:50 बजे दिखाई गई। ताज्जुब की बात यह है कि गिरफ्तारी के मात्र 70 मिनट के भीतर पुलिस ने पूछताछ, कागजी कार्रवाई और कोर्ट में पेशी जैसी तमाम औपचारिकताएं पूरी कर लीं। जांच अधिकारी दिनेश कुमार के अनुसार, गिरफ्तारी के वक्त ही जरूरी पूछताछ पूरी हो गई थी। आरोपी ने कार के कागजात पुलिस को सौंप दिए हैं और पुलिस का कहना है कि अब कोई कागजी कार्रवाई बाकी नहीं है।

रसूख के आगे बेबस सिस्टम?
शिवम मिश्रा शहर के बड़े तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा का बेटा है। गुरुवार को गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद उसे कोर्ट से जमानत भी मिल गई। इतनी फुर्ती से हुई कानूनी प्रक्रिया को लेकर गलियारों में चर्चा है कि क्या ‘रसूख’ के कारण पुलिस ने ढीला रुख अपनाया है? जब जांच अधिकारी से इस ‘सुपरफास्ट’ टाइमलाइन पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कोई भी टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया।

हादसे में घायल हुए थे कई लोग
बता दें कि वीआईपी रोड पर हुए इस हादसे में कई लोग घायल हुए थे और कीमती लैम्बॉर्गिनी कार के परखच्चे उड़ गए थे। फिलहाल पुलिस का दावा है कि वे सबूत जुटा रहे हैं और जल्द ही चार्जशीट दाखिल करेंगे। कोर्ट ने आरोपी को निर्देश दिया है कि वह जांच में सहयोग करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights