इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के बाहरी इलाके में सोमवार देर रात एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। बेकासी तैमूर स्टेशन के पास एक कम्यूटर लाइन ट्रेन और लंबी दूरी की डीजल ट्रेन (KRD) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 4 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है।

ट्रैक नंबर 1 पर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब कम्यूटर लाइन ट्रेन ट्रैक नंबर 1 पर खड़ी थी और पूर्व की ओर चिकारंग की तरफ जाने वाली थी। उसी दौरान पश्चिम दिशा से आ रही एक लंबी दूरी की ट्रेन उसी ट्रैक पर आ गई और रुकी हुई ट्रेन से सीधे टकरा गई। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि कम्यूटर लाइन ट्रेन का पिछला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

बचाव कार्य जारी
राज्य के स्वामित्व वाली रेल कंपनी KAI के प्रवक्ता फ्रानोटो विबोवो ने ‘कोम्पस टीवी’ को बताया कि अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार दो यात्रियों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि मलबे में फंसे पीड़ितों को निकालने के लिए सेना, दमकल विभाग और राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी की मदद ली जा रही है। हालांकि, घायलों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन सभी पीड़ितों को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इंडोनेशिया में सुरक्षा पर सवाल
इंडोनेशिया में परिवहन दुर्घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। जानकारों का मानना है कि इस विशाल द्वीप राष्ट्र में बसें, ट्रेनें और विमान अक्सर पुराने हैं और उनका रखरखाव सही तरीके से नहीं किया जाता है। इससे पहले जनवरी 2024 में भी पश्चिम जावा प्रांत में एक ट्रेन दुर्घटना में चार चालक दल के सदस्यों की मौत हुई थी, जबकि 2015 में जकार्ता में एक ट्रेन और मिनीबस की टक्कर में 16 लोगों की जान चली गई थी। अधिकारी अभी भी डेटा और साक्ष्य जुटा रहे हैं, और हादसे के विस्तृत कारणों की जांच के बाद रिपोर्ट जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights