अमेरिका के फ्लोरिडा तट के पास एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। दरअसल, एक छोटे विमान के दोनों इंजन अचानक बंद हो गए और पायलट को समुद्र में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस विमान में मौजूद सभी 11 लोग सुरक्षित बचा लिए गए। इस घटना को बेहद चमत्कारी माना जा रहा है। विमान के पायलट 43 वर्षीय इयान निक्सन ने एक इंटरव्यू में बताया कि हादसे से कुछ क्षण पहले विमान की पूरी technical system लगभग फेल हो गई थी। उनके अनुसार, विमान के दोनों इंजन बंद हो गए, नेविगेशन सिस्टम काम करना बंद कर दिया और सभी communication साधन भी ठप पड़ गए।
पायलट ने कहा – 25 साल के करियर में ऐसा कभी नहीं देखा
बहामास के रहने वाले अनुभवी पायलट इयान निक्सन ने बताया कि वह पिछले 25 सालों से उड़ान भर रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी ऐसी स्थिति का सामना नहीं किया था। उन्होंने कहा कि जब विमान में समस्या शुरू हुई तो उन्होंने मदद के लिए रेडियो संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें यह भी नहीं पता था कि उनकी आवाज किसी तक पहुंच रही है या नहीं। उस समय उनका पूरा ध्यान विमान को कंट्रोल रखने और यात्रियों की जान बचाने पर था। निक्सन के मुताबिक, समुद्र में विमान उतरने के बाद उनके मन में सबसे पहला विचार यही आया कि सभी लोग जिंदा बच गए।
पांच घंटे तक समुद्र में फंसे रहे यात्री
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी 11 लोग समुद्र में लाइफ राफ्ट के सहारे कई घंटों तक फंसे रहे। रिपोर्ट्स के अनुसार, यात्रियों को करीब पांच घंटे तक बचाव दल का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान विमान का इमरजेंसी लोकेटर ट्रांसमीटर सक्रिय हो गया, जिससे अमेरिकी कोस्ट गार्ड को संभावित हादसे की सूचना मिली। संयोग से उस समय अमेरिकी वायुसेना की एक रेस्क्यू टीम पहले से ट्रेनिंग मिशन पर हवा में मौजूद थी। सूचना मिलते ही हेलीकॉप्टर और रेस्क्यू टीम को तुरंत घटनास्थल की ओर भेजा गया।
अमेरिकी वायुसेना ने चलाया बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
बचाव अभियान में अमेरिकी वायुसेना के HC-130J Combat King II विमान, HH-60W Jolly Green II हेलीकॉप्टर और पैरारेस्क्यू टीम को लगाया गया। रेस्क्यू कर्मियों ने समुद्र में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में हेलीकॉप्टर के जरिए सभी लोगों को मेलबर्न ऑरलैंडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जहां मेडिकल टीम पहले से मौजूद थी। अधिकारियों के अनुसार, सभी यात्री वयस्क थे और उनकी हालत स्थिर बताई गई।
एयरफोर्स अधिकारी ने कहा- सबका बचना किसी चमत्कार से कम नहीं
रेस्क्यू मिशन में शामिल अमेरिकी वायुसेना की अधिकारी मेजर एलिजाबेथ पियोवाटी ने कहा कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद सभी लोगों का सुरक्षित बच जाना बेहद आश्चर्यजनक है। वहीं 920th Operations Group के कमांडर कर्नल चैड ब्लूमस्टीन ने कहा कि यह ऑपरेशन एयरफोर्स की तैयारी, प्रोफेशनल ट्रेनिंग और टीमवर्क का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम को गर्व है कि वह 11 लोगों को सुरक्षित घर वापस लाने में सफल रही।
हादसे की जांच जारी
घटना के बाद अमेरिकी विमानन प्राधिकरण FAA और बहामियन अधिकारियों की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उड़ान के दौरान अचानक सभी तकनीकी सिस्टम कैसे फेल हुए।
