झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेल से मिली रिहाई के बाद जनता के बीच उतरना शुरू कर दिया है। पहले हेमंत सोरेन ने बीते शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर जनसभा की। इसके बाद फिर वह रांची के बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे।

हेमंत सोरेन के साथ कल्पना सोरेन और सांसद महुआ मांझी मौजूद रही। हेमंत सोरेन की एक झलक के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं का हुजूम दिखाई दिया। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अपने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “ये झारखंड सिर्फ झारखंड नहीं है ये वीरों की धरती है। हम वीरों के सपूत हैं हमें डरने की आवश्यकता नहीं है डराने वाले बहुत आएंगे, लेकिन वह क्षणभर का तकलीफ होगा अगर हम उस तकलीफ को सह लिए तो निश्चित रूप से मंजिल झारखंडियों के कदम चूमेगी।”

हेमंत सोरेन ने कहा कि भगवान के घर देर है अंधेर नहीं है। सच्चाई को आप किसी भी चीजों से दफन नहीं कर सकते, वो आज नहीं तो कल उभर कर आता है, और आज उसी का परिणाम है कि फिर से आज आपके बीच में आप सबके लिए, आपको नेतृत्व देने के लिए हम आ गए है। उन्होंने कहा कि लोकसभा के चुनाव में हम जीते है, लोकसभा चुनाव में जो भी परिणाम हुआ है वो खुशी और दुख का समावेश है फिर भी इस चुनाव के माध्यम से इस राज्य के गरीब गुरबा, आदिवासी मूलवासी को ताकत मिली है। अब बहुत जल्द विधानसभा के चुनाव भी होंगे।

हेमंत सोरेन ने कहा कि मुझे जो जानकारी मिल रही है उसके अनुसार विधानसभा चुनाव समय से पहले कराने की तैयारी है। मैं इन्हें चुनौती देता हूं कि चुनाव कल करा लो या परसो, बीजेपी का सफाया कर देंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights