न्यूयॉर्क शहर के एक शिपयार्ड में शुक्रवार को लगी आग और दो विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार इस घटना में घायल हुए 36 लोगों में अधिकतर दमकलकर्मी और अन्य आपातकालीन सेवाकर्मी हैं। एक आम नागरिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जिस समय दूसरा विस्फोट हुआ दो दमकलकर्मी इमारत के अंदर थे जिससे कि वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने शुक्रवार शाम को संवाददता सम्मेलन में कहा, ”हालात बेहद जटिल है और स्थिति लगातार बदल रही है।”
दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी लिलियन बोनसिन्योर ने बताया कि अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई और बताया गया कि शिपयार्ड के पिछले हिस्से में एक तहखाने में दो मजदूर फंसे हैं। उन्होंने बताया कि दमकल व आपातकालीन चिकित्सा दल छह मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गए, लेकिन उनके पहुंचते ही एक विस्फोट हुआ, जिसमें कई दमकलकर्मी और कुछ आम नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
दमकल विभाग के प्रमुख जॉन एस्पोसिटो ने बताया कि पांच दमकलकर्मी और चिकित्सा दल फंसे मजदूरों की तलाश में जुटे थे तभी दूसरा विस्फोट हुआ जिसमें कई और लोग घायल हो गए। दमकल विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डेविड प्रेजेंट ने बताया कि ‘फायर मार्शल’ के सिर में गंभीर चोट लगी है और मस्तिष्क में हल्का रक्तस्राव हुआ है, हालांकि उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है। ममदानी ने कहा कि आग के कारणों का पता लगाने के लिए जल्द व्यापक जांच शुरू की जाएगी। यह शिपयार्ड कभी बेथलेहम स्टील कंपनी के स्वामित्व में था, जिसने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अमेरिकी नौसेना के लिए जहाज बनाए थे।
