भदोही जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक शादी समारोह के दौरान एक बेकाबू डीजे वाहन ने बारातियों को कुचल दिया, जिससे एक महिला की मौत हो गई तथा 2 अन्य लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के बैरा खास गांव में शुक्रवार देर शाम शादी में एक डीजे वाहन बेकाबू होकर 3 लोगों को कुचलते हुए एक पेड़ से जा टकराया। उन्होंने बताया कि चिंतामणि बिंद के बेटे प्रदीप बिंद की बारात गांव से वाराणसी के लिए निकली थी। बारात रवाना हुई तो कई लोग डीजे की तेज आवाज पर वाहन के आगे नाच रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार राय ने ग्रामीणों के हवाले से बताया कि डीजे वाहन को कोई अनुभवी चालक नहीं, बल्कि डीजे बजाने वाला एक लड़का चला रहा था। अचानक डीजे वाहन बेकाबू होकर उमाशंकर विश्वकर्मा की पत्नी उर्मिला देवी (40), कमला शंकर की बेटी कुमारी सीमा और हरिशंकर की बेटी सोनी को कुचलते हुए एक पेड़ से जा टकराया। उन्होंने बताया कि हादसे में उर्मिला देवी की मौके पर मौत हो गई, जबकि सोनी और सीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डीजे वाहन को कब्जे में ले लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उर्मिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। हादसे के बाद शादी की खुशी मातम में बदल गई। आधी रात को दूल्हा प्रदीप बिंद कुछ लोगों के साथ सादे तरीके से शादी की रस्म के लिए वाराणसी रवाना हो गया।
