उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कल देर रात उस समय चीख-पुकार मच गई, जब सऊदी अरब के रियाद शहर से एक मनहूस खबर आई। महमूदाबाद थाना क्षेत्र के बघाइन गांव के रहने वाले 26 वर्षीय रवि गोपाल की एक मिसाइल हमले में मौत होने का दावा किया जा रहा है। रवि घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जिसकी मौत की खबर ने पूरे गांव को सन्न कर दिया है।

हंसी-खुशी बात हो रही थी और अचानक गूंजा धमाका
घटना 18 मार्च की रात की है। रवि रियाद की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम खत्म करने के बाद अपनी पत्नी रितु से फोन पर बात कर रहा था। सब कुछ सामान्य था, लेकिन रात करीब 8:20 बजे अचानक फोन के पीछे से एक तेज धमाके की आवाज आई और कॉल कट गया। पत्नी ने बार-बार फोन मिलाया, लेकिन रवि का मोबाइल बंद आता रहा। अगले दिन 19 मार्च को रवि के साथी रामनिवास यादव ने परिवार को फोन कर रोंगटे खड़े कर देने वाली जानकारी दी। उसने बताया कि रियाद में हुए मिसाइल हमले में रवि की जान चली गई है। फिलहाल रवि का शव वहां एक अस्पताल के फ्रीजर में रखा गया है।

गरीबी दूर करने गया था परदेस
रवि गोपाल के कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। घर में बूढ़ी मां, पत्नी और भाई हैं। रवि की शादी साल 2020 में हुई थी। वह सितंबर 2025 में बहन की शादी निपटाकर वापस सऊदी अरब गया था ताकि मेहनत मजदूरी कर परिवार का कर्ज उतार सके और गरीबी दूर कर सके।

प्रशासन की बेरुखी से परिजनों में आक्रोश
रवि की मौत की खबर के दो दिन बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार दर-दर भटक रहा है। परिजनों का आरोप है कि यूपी 112 पर सूचना देने के बाद भी कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। अभी तक भारतीय एंबेसी या स्थानीय प्रशासन की ओर से मौत की आधिकारिक पुष्टि (Official Confirmation) नहीं हुई है। बेबस परिवार अब सरकार से गुहार लगा रहा है कि उनके बेटे का शव भारत लाया जाए और परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights