यमुना नदी में आई विकराल बाढ़ ने धार्मिक नगरी वृंदावन को अपनी चपेट में ले लिया है। परिक्रमा मार्ग, जहां आम दिनों में श्रद्धालु और वाहन चलते हैं, अब नावें चल रही हैं। इस आपदा में हजारों लोग प्रभावित हैं, न बिजली, न पीने का पानी और न ही भोजन उपलब्ध है। ऐसे संकट की घड़ी में प्रेमानंद महाराज नाव पर सवार होकर बाढ़ग्रस्त इलाकों का निरीक्षण करने निकले और पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की।

PunjabKesari

नाव से लिया बाढ़ का जायजा
सोमवार शाम प्रेमानंद महाराज अपने आश्रम ‘श्री हित राधा कुंज’ से नाव द्वारा निकले। उनके साथ उनके शिष्य भी मौजूद थे। उन्होंने वृंदावन के जलमग्न इलाकों का दौरा किया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में प्रेमानंद महाराज अपने शिष्यों के साथ नाव में सवार होकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते दिख रहे हैं।

राहत सामग्री वितरण में जुटे संत
महाराज और उनके शिष्यों ने बाढ़ पीड़ितों को खाद्य सामग्री, पीने का पानी और ज़रूरी राहत पैकेट बांटे। करीब दो घंटे तक उन्होंने नाव द्वारा विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों की जरूरतों को समझने की कोशिश की।

भावुक हुए महाराज, बोले – “यमुने तूने ये क्या किया”
बाढ़ की तबाही देखकर प्रेमानंद महाराज भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “वृंदावन भगवान श्रीकृष्ण की भूमि है, यहां के वासी उनके अनन्य भक्त हैं। यमुना मैया को अपने भक्तों पर ऐसा कहर नहीं ढाना चाहिए था।” उन्होंने आगे कहा कि इस समय देश के कई हिस्सों में बाढ़ का कहर है और हम सभी को अपने सामर्थ्य के अनुसार पीड़ितों की मदद करनी चाहिए।

“मनुष्य जीवन तभी सार्थक, जब हम किसी के काम आएं”
महाराज ने अपील की कि यदि कोई व्यक्ति सक्षम है, तो वह जरूर जरूरतमंदों तक भोजन और आवश्यक सामग्री पहुंचाए। उन्होंने कहा, “हमारे संतजन नावों के माध्यम से भोजन और राहत सामग्री बाढ़ग्रस्त लोगों तक पहुंचा रहे हैं। यही असली सेवा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights