14 जनवरी 2026 को मकर संक्रांति के साथ खरमास समाप्त हो गया है और शुभ कार्यों की शुरुआत हो चुकी है। इससे पहले बिहार की राजनीति (Bihar Politics) में भी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज थी। जदयू (JDU) और भाजपा (BJP) के कई विधायक खरमास खत्म होने के बाद मंत्री बनने की उम्मीद लगाए बैठे थे। लेकिन सरकार से जुड़े विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार में अभी और समय लग सकता है। 

पहले बजट सत्र से पहले कैबिनेट विस्तार की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन 2026-27 के बजट सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना कम है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा भी मंत्रिमंडल विस्तार में देरी का कारण हो सकती है। सीएम 24 जनवरी तक बिहार के अलग-अलग जिलों का दौरा कर जनता से फीडबैक ले रहे हैं। यात्रा खत्म होने के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार पर फैसला होने की उम्मीद है। ऐसे में विधायकों को मंत्री बनने के लिए सीएम की यात्रा समाप्त होने तक इंतजार करना पड़ सकता है। 

बिहार मंत्रिमंडल की मौजूदा स्थिति 

नीतीश कुमार ने 20 नवंबर 2025 को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय 26 मंत्रियों के साथ सरकार बनी थी। इसमें सबसे ज्यादा मंत्री भाजपा कोटे से थे। भाजपा के 14 नेता मंत्री बने थे, लेकिन नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद भाजपा के मंत्रियों की संख्या घटकर 13 रह गई है।  फिलहाल मंत्रिमंडल में जदयू के 9 मंत्री (मुख्यमंत्री सहित), भाजपा के 13 मंत्री, लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) के 2 मंत्री, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) से 1 मंत्री, राष्ट्रीय लोक मोर्चा से 1 मंत्री शामिल हैं। 

10 मंत्री पद अभी खाली

बिहार में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। अभी 10 मंत्री पद खाली हैं। एनडीए के तय फॉर्मूले के अनुसार: भाजपा से 17 मंत्री, जदयू से 15 मंत्री (सीएम सहित), लोजपा (रामविलास) से 2 मंत्री, हम (सेक्युलर) और आरएलएम से 1-1 मंत्री हो सकते हैं। इस हिसाब से जदयू के 6 और भाजपा के 4 नेताओं को मंत्री बनने का मौका मिल सकता है। 

जदयू और भाजपा से संभावित नए चेहरे 

जदयू कोटे से मंत्रिमंडल में नए चेहरों के साथ-साथ पिछली सरकार के कुछ मंत्रियों को भी मौका मिल सकता है। इनमें प्रमुख नाम हैं:

  • महेश्वर हजारी
  • रत्नेश सदा
  • जयंत राज
  • शीला कुमारी
  • उमेश कुशवाहा
  • नचिकेता मंडल
  • शालिनी मिश्रा

वहीं भाजपा से जिन नेताओं के मंत्री बनने की चर्चा है, उनमें शामिल हैं:

  • नीतीश मिश्रा
  • संजीव चौरसिया
  • संजय मयूख
  • रजनीश कुमार
  • नीरज कुमार बबलू

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights