बठिंडा के वार्ड नंबर 3 में वोटिंग शुरू होने से पहले ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। सुबह करीब 5 बजे फायरिंग की घटना सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई। आजाद उम्मीदवार ने सत्ताधारी पार्टी से जुड़े लोगों पर पैसे बांटने और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

आरोप है कि वार्ड में कथित तौर पर वोट खरीदने के लिए पैसे बांटे जा रहे थे। जब आजाद उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने इसका विरोध किया तो मौके पर मौजूद लोगों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भारी रोष देखने को मिला। मामले की सूचना मिलते ही बठिंडा शहरी विधायक Jagrup Singh Gill भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसएसपी से फोन पर बात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

फायरिंग की घटना के विरोध में आजाद उम्मीदवार, उनके समर्थकों और स्थानीय निवासियों ने धरना देकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सत्ताधारी पार्टी के लोग खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं और पैसे के दम पर वोटों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फायरिंग के दौरान सत्ताधारी पार्टी का एक स्थानीय नेता भी मौके पर मौजूद था। विरोध बढ़ता देख वह अपने समर्थकों सहित गाड़ी में बैठकर वहां से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना ने बठिंडा की राजनीति में बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights